चौहटन कस्बे के खत्रियों का वास में मकान पर बैठे 27 वर्षीय बेटे की छत से गिरकर मौत हो गई। जब बेटे के मौत की खबर मां को मिली तो सदमे में एक घंटे बाद मां ने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे और घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया। घटना के समय मां आसपास के घर में भजन करने गई थी। वहीं पिता भी हलवाई का काम करते है, इसी वजह से बाहर गए हुए थे। घटना से परिवार के लोग सदमे में है।
खत्रियों के वास में रविवार रात को 27 वर्षीय युवक छत पर बैठा था, तभी अचानक उसका पैर फिसलने से छत से गिर गया। मनोज कुमार पुत्र किशनलाल खत्री रात 10.30 बजे मकान की छत से गिर गया। ब्रेन हेमरेज से मनोज की मौत हो गई। दरअसल छत से युवक नीचे नल पर गिर गया। इससे सिर में गंभीर चाेट आई। घटना के समय युवक की भाभी ही घर पर थी, बाकी लोग बाहर थे। रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आसपास के कंपाउंडर ने मौके पर पहुंच युवक की नब्ज देखी तो मौत हो चुकी थी। मां कमला देवी पास के घर में भजन-कीर्तन में गई हुई थी, अचानक बेटे के गिरने की खबर सुनकर मौके पर पहुंची। बेटे की मौत को देख मां सदमे में बेहोश हो गई और दम तोड़ दिया। इससे परिवार में मातम छा गया। युवक के पिता हलवाई का काम करते है, वह किसी शादी में गए हुए थे। एक ही घर में दो मौतों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
छत से फिसलकर नल पर गिरा
5-7 दिन पूर्व युवक मनोज के मित्र अशोक की बाइक दुर्घटना के बाद कुछ दिन तक भर्ती रहने के बाद मौत हो गई थी। अशोक उसका घनिष्ठ मित्र था। मनोज भी जोधपुर में उसके पास भर्ती के दिनों में 2-3 दिन तक रहा था। जब दोस्त की मौत हुई तो खुद भी परेशान रहने लगा। रविवार रात को छत पर बैठा था, तभी चलते हुए फिसलकर छत से नीचे गिर गया। छत से फिसलकर नल पर गिरने से उसके सिर में नल की टोंटी घुस गई। इससे ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई।